खेत में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
जखौरा (ललितपुर)। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम ननौरा में रविवार, 26 अप्रैल 2026 को एक युवक का शव खेत में महुआ के पेड़ से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ननौरा निवासी श्री भूपेंद्र सिंह पुत्र श्री हरिहर प्रताप सिंह ने थाना जखौरा पहुंचकर सूचना दी कि उनके भाई सिद्धार्थ राजा (उम्र लगभग 37 वर्ष) का शव खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और निरीक्षक दिग्विजय सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।




