युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में पंखे से लटका मिला शव
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला अम्बेडकर तिराहा नहेक नगर में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला अम्बेडकर तिराहा नहेक नगर निवासी 26 वर्षीय निर्भीक कुमार गुप्ता गुरुवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। देर रात तक कमरे से मोबाइल पर गाने बजने की आवाज आने पर बड़े भाई को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो निर्भीक फांसी के फंदे पर लटके मिले।
मृतक घर पर आटा चक्की का काम करता था और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




