किन्नरों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई
झांसी में शुक्रवार को किन्नरों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खुलकर सड़क पर आ गई। पांच टोलियों के किन्नरों ने विरोधी गुट पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पहले नवाबाद थाने के बाहर प्रदर्शन किया, फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर एफआईआर न दर्ज किए जाने का आरोप लगाया। मांग पूरी न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दे डाली। शुक्रवार की दोपहर 2 किन्नर गुरु बबली नायक के नेतृत्व में पहुंचे किन्नरों ने ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि विरोधी गुट के लोग बाउंसरों के साथ शादी समारोह में पहुंचे और हॉकी-डंडों से हमला कर दिया। बबली नायक ने बताया कि शुक्रवार सुबह वे शिवाजी नगर इलाके में एक शादी समारोह में बधाई मांगने गई थीं। आरोप है कि तभी विरोधी गुट के किन्नर कई बाउंसरों के साथ वहां पहुंच गए और हमला बोल दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा।




