खेत की पलारी में लगी भीषण आग, बारिश ने पाया काबू
जखौरा : कस्बा जखौरा में देर रात राजघाट रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास खेतों में रखी पलारी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास का पूरा क्षेत्र धुएं और लपटों से घिर गया। घटना के समय मौसम खराब होने के साथ तेज हवाएं चल रही थीं, जिसके कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग खेत में चल रहे हार्वेस्टर से निकली चिंगारी के कारण लगी बताई जा रही है। पहले खेत की सूखी पलारी में आग लगी और फिर तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें दूर से दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
इसी बीच मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से आग पर धीरे-धीरे काबू पाया जा सका और बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के मुताबिक घटना में अभी तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी आर्थिक क्षति की सूचना नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बारिश नहीं होती तो आग आसपास के अन्य खेतों तक पहुंच सकती थी, जिससे भारी नुकसान हो सकता था




