मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुवन मंदिर में किया भूमि पूजन
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने ललितपुर प्रवास के दौरान प्रसिद्ध तुवन मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर में विधिवत भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार व धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य संपन्न हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सर्वप्रथम पुलिस लाइन स्थित हैली पेड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से तुवन मंदिर पहुंचे और वहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
भूमि पूजन कार्यक्रम तुवन मंदिर के महंत व दिगंबर अखाड़ा के उत्तराधिकारी महंत रामलखन दास जी महाराज तथा जगतगुरु द्वाराचार्य अग्र एवं मलूक पीठाधीश्वर डॉ. राजेन्द्रदास देवाचार्य महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने संतों के साथ विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया और प्रदेश व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।




