मड़ावरा में त्योहारों पर पीस कमेटी बैठक
मड़ावरा में त्योहारों पर पीस कमेटी बैठक: SHO ने शांति बनाए रखने की अपील की, शांति व्यवस्था बिगाड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी ललितपुर के मड़ावरा थाना परिसर में रविवार शाम आगामी त्योहारों रक्षा बंधन और बारावफात को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने की, जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की।
थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों और प्रेम का संदेश देते हैं, इसलिए किसी भी तरह की अफवाह या विवाद से बचना चाहिए। उन्होंने लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह भी किया।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान अराजकता या शांति व्यवस्था बिगाड़ने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या विवाद उत्पन्न करने की कोशिश करता है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




