बीच चौराहे पर भाई और पिता ने बेटी-दामाद से की मारपीट, वीडियो वायरल
ललितपुर के मड़ावरा कस्बे से एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीच चौराहे पर भाई और पिता ने अपनी ही बेटी और दामाद के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने मड़ावरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना मड़ावरा कस्बे के एक व्यस्त चौराहे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दो पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी होती है, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल जाती है। आरोप है कि भाई और पिता ने बेटी व दामाद के साथ हाथापाई की।
हालांकि, विवाद किस वजह से हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना के बाद दोनों पक्ष मड़ावरा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




