कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई टीईटी परीक्षा, पहले दिन हजारों अभ्यर्थी पहुंचे केंद्र
ललितपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) गुरुवार से जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। पहले दिन सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे। जिले में आयोजित हो रही इस परीक्षा में कुल 15,481 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश पर सभी आठ परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक व अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर सघन निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक के निर्देशन में सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।




