सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक कराते रहे परिजन, अस्पताल पहुंचने पर अधेड़ को मृत घोषित किया
ललितपुर। तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेरई फाटक में सर्पदंश से एक 56 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, सर्पदंश के बाद उन्हें पहले झाड़-फूंक के लिए दो स्थानों पर ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर तालबेहट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान लक्ष्मन रैकवार पुत्र जालम रैकवार निवासी कोतवाली तालबेहट के ग्राम तेरई फाटक के रूप में हुई है। मृतक के मझले पुत्र संजू रैकवार ने बताया कि बुधवार शाम घर के बाहर नाली की सफाई के दौरान उनके पिता को सांप ने डस लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है।




