ललितपुर के मड़ावरा में पिकअप पलटी: दो लोग घायल, मोबाइल टावर पर डीजल देकर लौटते समय बकरी बचाने में हादसा
ललितपुर के गिरार थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में, एक घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर निवासी सतीश, राघवेन्द्र और खुशीलाल मोबाइल टावरों पर डीजल देकर लौट रहे थे। ये टावर गिरार थाना क्षेत्र के मानपुरा और हनुमतगढ़ में स्थित हैं। शाम करीब 5:30 बजे जब वे भीकमपुर गांव के पास पहुंचे, तो अचानक एक बकरी पिकअप के सामने आ गई।
बकरी को बचाने के प्रयास में चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पुलिया से टकराकर पलट गई। हादसे में चालक सतीश को छोड़कर राघवेन्द्र और खुशीलाल बुरी तरह घायल हो गए।
पिकअप में रखी डीजल की केन दूर जा गिरी, जिससे कुछ डीजल बर्बाद हो गया। टक्कर से पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गयाराघवेन्द्र का एक हाथ टूट जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ग्रामीणों और एक ट्रैक्टर की कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप को सीधा किया जा सका




