महरौनी में चोरों का अजीब कारनामा, 15 तोला सोने के साथ शादी की CD तक ले उड़े चोर
महरौनी। कस्बे में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला उस समय सामने आया जब दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 तोला सोना, 80 हजार रुपये नकद और शादी की यादगार CD तक चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अपनी पत्नी को स्कूल छोड़ने के लिए सैदपुर गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बच्चों को लेकर बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर में चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तिजोरी तोड़कर उसमें रखे 15 तोला सोने के जेवर, ₹80 हजार नकद सहित शादी की CD भी लेकर फरार हो गए।
करीब दोपहर 1 बजे जब पति-पत्नी वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी भी टूटी हुई थी और उसमें रखा कीमती सामान गायब था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
गौरतलब है कि महरौनी कस्बे में कुछ ही महीनों के भीतर चोरी की यह चौथी बड़ी वारदात है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बढ़ते अपराधों से ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों और अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।




