आजादी के बाद भी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा डूंगरिया गांव
पाली। बिरधा ब्लॉक की ग्राम पंचायत डूंगरिया में ग्रामीण आज भी सड़क, सफाई और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सड़कों का समुचित निर्माण नहीं होने से बारिश के दौरान रास्ते कीचड़ में तब्दील हो जाते हैं। हरिजन और सहरिया बस्ती के लोग भी गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में बने सचिवालय के सामने भी कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। वहीं गांव में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब के विकास में लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ही वर्षों में निर्माण कार्य क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने कार्यों की जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गांव में प्रकाश और सफाई व्यवस्था बदहाल है। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पठारी क्षेत्र के इस गांव में विशेष ध्यान देकर सड़क, सफाई, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।




