नोएडा

ममता बनर्जी का बड़ा आरोप: केंद्रीय बल BJP के निर्देशों पर काम कर रहे हैं, मतदान केंद्रों के दौरे से बढ़ा सियासी पारा

कोलकाता, पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहाँ मतदान जारी था। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल और चुनाव पर्यवेक्षक भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत था। मतगणना 4 मई को होगी।

भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहाँ उनकी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से कड़ी प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह देखा जा रहा है, जहां 2021 में अधिकारी ने बनर्जी को पराजित किया था।

प्रमुख तृणमूल कांग्रेस नेता सामान्यत: मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में वोट डालने जाती हैं, लेकिन इस बार वह सुबह आठ बजे से पहले ही भवानीपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने निकलीं। इनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके का मतदान केंद्र भी शामिल था।

भवानीपुर के चक्रबेड़िया के एक मतदान केंद्र के बाहर बैठकर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने अनियमितताओं का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने कहा कि कई पर्यवेक्षक बाहर से आए हैं और भाजपा के निर्देशों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस तरह मतदान को स्वतंत्र और निष्पक्ष माना जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सभी पार्टी झंडे पहले ही हटा दिए गए हैं और बाहरी लोग मतदान प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं।

ममता ने ये भी आरोप लगाए कि वार्ड नंबर 70 के पार्षद को बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है और उनके कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे और उनके पुत्र अभिषेक पूरी रात जागते रहे। बनर्जी ने राज्य के बाहर से कुछ लोगों द्वारा निर्वाचन क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश होने का दावा किया और निर्वाचन आयोग से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की।

इसी बीच, भाजपा ने ममता बनर्जी के इन आरोपों को खारिज कर आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस जनता के गुस्से को भांपकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। तृणमूल की दूसरी नंबर की नेता माने जाने वाले अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वे 2021 की तुलना में अधिक सीटें जीतेंगे।

डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने मित्रा इंस्टीट्यूशन में मतदान के बाद विभिन्न मतदान केंद्रों पर चुनाव पर्यवेक्षकों द्वारा मनमानी करने का आरोप लगाया, लेकिन कहा कि इससे परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ेगा और तृणमूल अधिक सीटें हासिल करेगी।

शुभेंदु अधिकारी बोले- ममता बनर्जी हारेंगी

वहीं, शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस चुनाव में हारेंगी। उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के खिदिरपुर इलाके में दो मंदिरों में पूजा-अर्चना की और कहा कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए बाहर आ रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उचित व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि ममता के सुबह जल्दी मतदान केंद्रों पर पहुंचने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वे हारेंगी।

मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली तथा पूर्व बर्धमान जिलों के मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। इस चरण के नतीजे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं क्योंकि इसमें दक्षिण बंगाल शामिल है, जिसे तृणमूल कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, जबकि भाजपा इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास कर रही है। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

— Edited by : Sudhir Sharma —

Source

Related Articles

error: Content is protected !!